107 विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, चित्रकला और ‘कबाड़ से जुगाड़’ में किया हुनर का प्रदर्शन
By Team orangehindi

‘स्वच्छता ही सेवा’ के संदेश से सजे चित्र, बेकार सामग्री से तैयार किए आकर्षक मॉडल
लोहरदगा। नगर परिषद लोहरदगा की ओर से सोमवार को विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता एवं ‘कबाड़ से जुगाड़’ गतिविधि का आयोजन किया गया। इसमें नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के 107 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक सोच और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ विषय को केंद्र में रखते हुए आकर्षक एवं संदेशपरक चित्र बनाए। चित्रों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता, साफ-सफाई की जिम्मेदारी और स्वस्थ वातावरण का संदेश देने का प्रयास किया गया।
वहीं, ‘कबाड़ से जुगाड़’ गतिविधि में विद्यार्थियों ने अनुपयोगी एवं अपशिष्ट सामग्री का रचनात्मक तरीके से पुनः उपयोग करते हुए विभिन्न उपयोगी वस्तुओं और आकर्षक मॉडलों का निर्माण किया। विद्यार्थियों की ओर से तैयार की गई कलाकृतियों में उनकी कल्पनाशीलता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता नजर आई।
नगर परिषद की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट पदार्थों के पुनः उपयोग तथा रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना रहा। गतिविधि के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि अनुपयोगी समझी जाने वाली वस्तुओं का उचित उपयोग कर उन्हें उपयोगी और आकर्षक रूप दिया जा सकता है।