मसमानो में 10वां कार्तिक उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट संपन्न, बाला टोली किस्को बनी चैंपियन
By Team orangehindi

ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने पर जोर, 32 टीमों ने लिया हिस्सा; विजेता टीमों को खस्सी व नकद राशि से किया गया पुरस्कृत
लोहरदगा। भंडरा प्रखंड के मसमानो पतरा मैदान में आयोजित 10वां कार्तिक उरांव चार दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों की 32 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले के बाद बाला टोली किस्को की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया। अचानक टक्कर भड़गांव की टीम दूसरे, न्यू स्टार एफसी तीसरे और बीएस कॉलेज लोहरदगा की टीम चौथे स्थान पर रही।
इसके अलावा कार्तिक उरांव सिसई पांचवें, आदर्श क्लब जमगाई छठे, एक दोर पार सातवें और चैलेंजर्स एफसी लोहरदगा की टीम आठवें स्थान पर रही। सभी विजेता टीमों को अतिथियों ने खस्सी और नकद राशि देकर पुरस्कृत किया। व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। बाला टोली किस्को के खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच और बेस्ट गोलकीपर, जबकि अचानक टक्कर भड़गांव के खिलाड़ी को मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार दिया गया।
समापन समारोह में पूर्व आईपीएस अधिकारी डॉ. अरुण उरांव, सीआरपीएफ के पूर्व डीआईजी रविंद्र भगत समेत कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डॉ. अरुण उरांव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं। खेल से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों पर ध्यान देने की अपील की।
रविंद्र भगत ने कहा कि खेल समाज को जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। खेल मैदान की टीम भावना को सामाजिक जीवन में भी मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से भाईचारा बनाए रखने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया।
जिला परिषद सदस्य राजमणि उरांव ने ग्रामीण प्रतिभाओं को नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं का अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। पूर्व जिला परिषद सदस्य रामलखन प्रसाद साहू ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष की क्षमता विकसित करता है।