लोहरदगा के 12 होनहार बच्चों का प्रमंडल स्तर पर चयन, सुर और ताल के दम पर दिखाएंगे प्रतिभा
By Team orangehindi


झारखंड स्कूल टैलेंट सर्च-2026 की जिला स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न, गायन और नृत्य में बच्चों ने बिखेरा हुनर का रंग
लोहरदगा, 16 अक्टूबर। झारखंड स्कूल टैलेंट सर्च-2026 के तहत आयोजित ‘स्कूल आइडल : सुर और ताल संग्राम’ की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लोहरदगा के स्कूली बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के छह प्रखंडों से आए 124 प्रतिभागियों ने गायन और नृत्य में अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में चयनित 12 प्रतिभागी अब 24 अक्टूबर को रांची में आयोजित होने वाली दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में लोहरदगा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी दास सुनंदा चन्द्रमोलेश्वर, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी सीमा लकड़ा, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी एमलिन सुरीन, क्षेत्र प्रबंधक आकाश कुमार सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे। मंच संचालन अरुण राम ने किया। आयोजन की सफलता में जितेन्द्र मित्तल, अनंत शर्मा, सुशील रजक, गौतम पाण्डेय और श्याम बिहारी महतो ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गायन के जूनियर वर्ग में एमबी डीएवी पब्लिक स्कूल की आराध्या मिश्रा ने 248 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीयकृत उर्दू मध्य विद्यालय, थानाटोली की सांचना नाज 217 अंकों के साथ दूसरे और पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय, नवाडीपारा की अर्चना कुमारी 209 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। अर्चना के मार्गदर्शक शिक्षक राहुल कुमार हैं।
गायन के सीनियर वर्ग में एमबी डीएवी पब्लिक स्कूल के अनंत राज 269 अंकों के साथ प्रथम, जेबीएवी पेशरार के चिंतन कुमार 223 अंकों के साथ द्वितीय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की नंदनी कुमारी 218 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं।
नृत्य के जूनियर वर्ग में बेसिक हाई स्कूल, चिरी की स्मृति केरकेट्टा ने 198 अंकों के साथ पहला, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जोगना की सोनाक्षी सिंह ने 197 अंकों के साथ दूसरा और झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय, पेशरार की आरती कुमारी ने 185 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
नृत्य के सीनियर वर्ग में एमबी डीएवी पब्लिक स्कूल की सोनम कुमारी 259 अंकों के साथ प्रथम, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जोगना की आराध्या कुमारी 211 अंकों के साथ द्वितीय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, भंडरा की कोमल नीरू खाखा 202 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता का आयोजन जेईपीसी के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन के निर्देश के आलोक में किया गया। जिला स्तरीय मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी अब प्रमंडल स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा जिले शामिल हैं। प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता के बाद 31 अक्टूबर को रांची के ऑड्रे हाउस में राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा।