मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के स्वर्णिम अध्याय : अजय कुमार पंकज
By Team Lohardaga live

भाजपा जिला बैठक में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और महा आरती कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा
लोहरदगा। भारतीय जनता पार्टी जिला की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन द्वारा संचालित सेवा, जनसंपर्क एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आगामी अभियानों को सफल बनाने की रणनीति तय की गई।
बैठक में विशेष रूप से वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, महा आरती कार्यक्रम, सेवा गतिविधियों तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को शासन की प्राथमिकता बनाते हुए देश के विकास को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की सेवा भावना को पहुंचाने का कार्य करे। वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और महा आरती जैसे कार्यक्रम केवल औपचारिक आयोजन नहीं हैं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के प्रभावी माध्यम हैं। इन अभियानों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
अजय कुमार पंकज ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि बीते वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों के उत्थान, युवाओं के रोजगार, आधारभूत संरचना के विकास तथा डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है, जो देशवासियों के विश्वास, परिश्रम और नेतृत्व की दूरदर्शिता का परिणाम है।
बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा जनसंपर्क गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संगठन के सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में उपाध्यक्ष सरिता देवी, कलावती देवी, बजरंग उरांव, जगनंदन पौराणिक, महामंत्री मिथुन तमेड़ा, मंत्री मीना बाखला, भारती सिन्हा, संजय चौधरी, मंडल अध्यक्ष विवेक चौहान, परमेश्वर उरांव, रामकुमार खैरवार, कृष्णा मोदी, नवल किशोर साहू, संगीता कुमारी, महिला मोर्चा अध्यक्ष सामेला भगत, सुरेश बैठा, बृजनंदन यादव, जिला ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष दुबराज वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष बिमल कांत सिंह, नीरज कुमार सहित जिला पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित थे।
