आरसेटी लोहरदगा में 13 दिवसीय कृषि उद्यमी प्रशिक्षण संपन्न
By Team Lohardaga live

कृषि को व्यवसाय बनाने की दिशा में बड़ा कदम
लोहरदगा। बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), लोहरदगा द्वारा आयोजित 13 दिवसीय निशुल्क कृषि उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ते हुए परंपरागत खेती को लाभदायक व्यवसाय के रूप में विकसित करना था।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को कृषि के साथ-साथ पशुपालन, गाय-पालन, बकरी-पालन, वर्मी कम्पोस्ट, मधुमक्खी-पालन एवं मछली-पालन जैसे सहायक व्यवसायों की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी स्वरोजगार के अवसर सृजित करना और किसानों की आय बढ़ाने के लिए वैकल्पिक साधन उपलब्ध कराना रहा।
समापन अवसर पर आरसेटी के निदेशक सुरेश भगत, जेएसएलपीएस के जिला प्रबंधक विपिन चंद्र तथा पेशरार प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक विजय कुमार ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर निदेशक श्री भगत ने कहा कि कृषि क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और यदि किसान सहायक व्यवसायों को अपनाएं तो उनकी आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षुओं का राष्ट्रीय अकादमी ऑफ रूडसेटी (एनएआर) द्वारा मूल्यांकन भी किया गया। समापन समारोह में संस्थान के संकाय सदस्य एवं सभी प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
