Orange hindi lohardaga live

माता सावित्रीबाई फुले जयंती पर महिलाओं के लिए 14 दिवसीय प्रशिक्षण का हुआ शुभारंभ

By Team Lohardaga live

General
कार्यक्रम का शुभारंभ करते अतिथि

आरसेटी लोहरदगा ने शुरू किया मुलायम खिलौना निर्माण व विपणन कार्यक्रम

लोहरदगा। माता सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), लोहरदगा की ओर से महिलाओं के लिए 14 दिवसीय निःशुल्क मुलायम खिलौना निर्माण एवं विपणन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ CLF भंडरा में किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन बैंक ऑफ इंडिया भंडरा शाखा के वरीय शाखा प्रबंधक संजीव कुमार, जेएसएलपीएस के जिला प्रबंधक (कौशल) विपिन चंद्र तथा आरसेटी निदेशक सुरेश भगत द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर संजीव कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में मुलायम खिलौनों का व्यवसाय आय का एक सशक्त और स्थायी साधन बन चुका है। यह कम लागत में शुरू होने वाला और बेहतर लाभ देने वाला व्यवसाय है, जो महिलाओं के लिए स्वरोजगार की दिशा में उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की।

जेएसएलपीएस जिला प्रबंधक विपिन चंद्र ने कहा कि आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त कर जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाएं लगातार आत्मनिर्भर बन रही हैं। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका सृजन का मजबूत माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अनुशासन और मनोयोग के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आग्रह किया।

आरसेटी निदेशक सुरेश भगत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले का जीवन महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रेरणास्रोत है। साथ ही उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में आरसेटी लोहरदगा द्वारा वाणिज्यिक बागवानी, ब्यूटी पार्लर, घरेलू विद्युत उपकरण मरम्मत और दोपहिया वाहन मरम्मत जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में आरसेटी के संकाय सदस्य दीपक कुमार सहित सभी प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहीं।