लोहरदगा में मनाई गई धरती आबा बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती
By Teem Lohardaga live

झारखंड स्थापना दिवस पर सांसद सुखदेव भगत ने दी शुभकामनाएं
लोहरदगा। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में लोहरदगा के शहरी क्षेत्र स्थित शंख मोड़ के समीप भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर सांसद सुखदेव भगत ने राज्यवासियों को भगवान बिरसा मुंडा जयंती और झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज झारखंड युवा होकर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की धरती निरंतर प्रगति करे, राज्य का सर्वांगीण विकास हो और यहां के लोग शोषण मुक्त जीवन जी सकें।
सांसद ने कहा कि हम सभी मिलकर समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने का संकल्प लें और एक विकसित, समृद्ध एवं स्वाभिमानी झारखंड के निर्माण में सहयोग करें।
