खरता में 21 पढ़हा जतरा आयोजित
By Team Lohardaga live


लोहरदगा। कैरो प्रखंड के खरता में सोमवार को 21 पढ़हा जतरा का आयोजन हुआ, जिसको लेकर कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। इस अवसर पर पहान जयमंगल मुंडा, पुजार मांगे उरांव और ग्रामीणों ने जतरा स्थल में विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानी नारू टाना भगत के प्रतिमा अनावरण दिवस के अवसर पर नारू टाना भगत के वंशज टाना भगत परिवार द्वारा पहले माल्यार्पण कर घंटा बजाते हुए पूजा-अर्चना की गई।
जतरा में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी किशोर उरांव ने उपस्थित होकर स्वतंत्रता सेनानी नारू टाना भगत की प्रतिमा में माल्यार्पण किया और जतरा में उपस्थित खड़हा व ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जतरा हमारी सभ्यता, संस्कृति के साथ-साथ आपसी एकता का प्रतीक है, जिसे हमें एक होकर बचाए रखने की जरूरत है।
कार्यक्रम में आयोजक समिति को बधाई देते हुए खड़हा में आए पूरे टीम को सम्मानित किया गया। जतरा में एसआई मनोज कुमार गुप्ता, पूर्व प्रमुख मुन्नी उरांव, सुनीता उरांव, टाना भगत के प्रतिनिधियों द्वारा संबोधित किया गया।
आयोजक समिति द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र व बैच पहनाकर किया गया और सभी गांव से आए खड़हा को सम्मानित किया गया। अखड़ा को आकर्षक तरीके से सजाया गया और जो भी संगी टीम थी, उनका स्वागत अखड़ा में हड़िया व चखना देकर स्वागत करने के बाद जतरा स्थल तक ढोल-नगाड़े के साथ पारंपरिक भेष-भूषा में नाचते-गाते लाया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी किशोर उरांव, एसआई मनोज कुमार गुप्ता, आयोजक समिति में पाहन जयमंगल मुंडा, पुजार मांगे उरांव, रामनाथ उरांव, मुन्नी उरांव, सुनीता उरांव, सूरजदेव उरांव, राजू उरांव, सुंदेश्वर उरांव, बंधु उरांव, चरवा उरांव, जगे भगत, चौधरी टाना भगत, राजकुमार टाना भगत, सोमनाथ महली, ललित उरांव, मंगलदेव भगत, अंगनु उरांव, फगुवा टाना भगत, साबित्री भगत, पैरी भगत सहित उल्टी, गनेशपुर, होण्डपीडी, गितिलगढ़ सहित दर्जनों गांवों से खड़हा मौजूद थे।
