राज्य स्तरीय एथलेटिक मीट में दमखम दिखाएंगे लोहरदगा के 21 खिलाड़ी
By Team orange hindi

धनबाद के लिए रवाना हुई जिले की टीम, 14 और 16 आयु वर्ग में खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
लोहरदगा। धनबाद में 21 और 22 अगस्त को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय एथलेटिक मीट में भाग लेने के लिए लोहरदगा के 21 चयनित खिलाड़ी गुरुवार को रेलवे स्टेशन से धनबाद के लिए रवाना हुए। प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड स्टेट एथलेटिक एसोसिएशन के तत्वावधान में किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में जिले के 14 और 16 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों के साथ बालक वर्ग के कोच विकास कुमार महतो, बालिका वर्ग की कोच नम्रता भगत और मैनेजर रोशन कुमार सिंह भी रवाना हुए। जिला एथलेटिक एसोसिएशन के सचिव किशोर कुमार वर्मा खिलाड़ियों के साथ रांची तक गए।
किशोर कुमार वर्मा ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि लोहरदगा में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने के लिए एथलेटिक एसोसिएशन लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और जिले का नाम रोशन करने की अपील की।
खिलाड़ियों के रवाना होने के दौरान अभिभावकों, खेल प्रेमियों और संघ से जुड़े लोगों में उत्साह रहा। उपायुक्त संदीप कुमार मीणा, एसपी सादिक अनवर रिजवी, जिला अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू, संगठन सचिव सह कोषाध्यक्ष संजय कुमार साहू, हिंडाल्को सीएसआर टीम के नीरज कुमार, अनन्या डे, भाष्कर दास गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, झामुमो जिलाध्यक्ष मुजम्मिल अहमद, विशाल डूंगडूंग सहित अन्य लोगों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। लोहरदगा की टीम से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।