सावन की तीसरी सोमवारी पर लोहरदगा से देवाकीधाम तक निकली 30 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा
By Team orange hindi

बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा शहर, शिव-गणों की झांकी रही आकर्षण का केंद्र


लोहरदगा। श्रावण मास की तीसरी सोमवारी पर सोमवार को कांवड़िया संघ बरवाटोली की ओर से लोहरदगा से गुमला जिले के देवाकी बाबाधाम तक करीब 30 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत बरवाटोली स्थित मनोकामना सिद्धि दुर्गा मंदिर परिसर से हुई। भगवा वस्त्र पहने सैकड़ों शिवभक्त हाथों में कांवड़ लेकर ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग भी उत्साह के साथ शामिल हुए। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सुल्तानगंज से लाए गए गंगाजल की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालु इसी जल को लेकर देवाकी बाबाधाम के लिए रवाना हुए।
यात्रा को मुख्य अतिथि गौरव आरपी अग्रवाल, उद्घाटनकर्ता उपायुक्त संदीप कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, डीएसपी दिवाकर प्रसाद, समिति के संरक्षक सुनील अग्रवाल और संघ अध्यक्ष गौरव अग्रवाल उर्फ लड्डू सहित अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कांवड़ यात्रा बरवाटोली से निकलकर ईस्ट गोला रोड, महावीर चौक, गुदरी बाजार, अमला टोली, वीर शिवाजी चौक, हटिया गार्डन, राणा चौक और मिशन चौक सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान पूरे शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
यात्रा में उत्तर प्रदेश से आए कलाकारों की ओर से भगवान शिव और उनके गणों की जीवंत झांकी प्रस्तुत की गई। झांकी ने श्रद्धालुओं और शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया। शिव के विभिन्न रूपों और उनके गणों की प्रस्तुति देखने के लिए जगह-जगह लोग सड़क किनारे जुटे रहे।
कांवड़ियों के स्वागत के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों की ओर से जलपान और पेयजल की व्यवस्था की गई। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान भक्ति गीतों और जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
यात्रा में शामिल श्रद्धालु करीब 30 किलोमीटर की दूरी तय कर गुमला जिले के देवाकी बाबाधाम पहुंचे। वहां श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। सावन की तीसरी सोमवारी पर निकली इस कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।