अम्तीपानी-चिरोडीह खदान में 300 फलदार पौधे लगाए
By Team orangehindi

खनन के साथ पर्यावरण संरक्षण जरूरी : योहान एजेरला
लोहरदगा। पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार खनन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार, 9 अक्टूबर को अम्तीपानी-चिरोडीह बॉक्साइट खदान में मेगा वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस), चाईबासा क्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के दौरान 300 फलदार पौधे लगाए गए।
अभियान का शुभारंभ डीजीएमएस के सेफ्टी डायरेक्टर योहान एजेरला ने किया। उन्होंने कहा कि खनन से आर्थिक विकास और रोजगार के अवसर बढ़ते हैं, लेकिन इसके साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है। पौधों की नियमित देखभाल और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा से ही पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखा जा सकता है।
हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के उपाध्यक्ष शत्रुजीत कुमार ने कहा कि कंपनी जिम्मेदार खनन के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देती है। उन्होंने लोगों से जन्मदिन और अन्य शुभ अवसरों पर पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की।
अभियान में विभिन्न बॉक्साइट खदानों के प्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। मौके पर क्लस्टर हेड प्रदीप भालेकर, खान प्रबंधक प्रदीप कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का संदेश रहा—आज हरियाली, कल खुशहाली।