Orange hindi lohardaga live

आरसेटी में 31 दिवसीय महिला दर्जी प्रशिक्षण संपन्न, 30 महिलाओं ने सीखा स्वरोजगार का हुनर

By Team Lohardaga live

General
A

20 जुलाई से शुरू होगा निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण, आवेदन आमंत्रित

B

लोहरदगा। बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), लोहरदगा में आयोजित 31 दिवसीय निःशुल्क महिला दर्जी प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रशिक्षण में जिले की 30 महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सिलाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए सक्षम बनाना था।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अग्रणी जिला प्रबंधक ने कहा कि वर्तमान समय में कौशल आधारित स्वरोजगार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं से सीखी गई तकनीकों का उपयोग करते हुए अपना स्वयं का सिलाई केंद्र शुरू करने तथा अन्य महिलाओं को भी रोजगार से जोड़ने की अपील की।

संस्थान के निदेशक सुरेश भगत ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को महिला एवं बच्चों के परिधानों की कटिंग, सिलाई, फिनिशिंग, सिलाई मशीन संचालन, माप लेने की विधि, ग्राहक व्यवहार, लागत निर्धारण, उद्यमिता विकास, बैंकिंग, वित्तीय साक्षरता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई।

प्रशिक्षणार्थी मीरा उरांव ने संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें आत्मनिर्भर बनने की नई दिशा मिली है। उन्होंने भविष्य में स्वरोजगार शुरू करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं तथा आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी पहचान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया।

20 जुलाई से ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण

आरसेटी के निदेशक ने बताया कि संस्थान में 20 जुलाई से निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इच्छुक महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सीमित सीटों के आधार पर चयन किया जाएगा, इसलिए इच्छुक अभ्यर्थी समय रहते संस्थान में आवेदन जमा करें।