रोचो में 32 टीमों ने दिखाया फुटबॉल का दम, रोमांचक मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता संपन्न
By Team orangehindi

खिलाड़ियों को रोजगार से जोड़कर स्वावलंबी बनाने की दिशा में सरकार कर रही काम : मोजाम्मिल अहमद
कुड़ू/लोहरदगा। सलगी पंचायत के रोचो स्थित फुटबॉल मैदान में जय सरना फुटबॉल क्लब, रोचो के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 32 टीमों ने हिस्सा लिया। तीन दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जबकि मैदान के बाहर खेलप्रेमियों की भीड़ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाती रही।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो के लोहरदगा जिलाध्यक्ष मोजाम्मिल अहमद शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि लोहरदगा में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। जरूरत खिलाड़ियों को उचित मंच और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल भावना के साथ खिलाड़ी आगे बढ़ सकते हैं। राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें रोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने की दिशा में भी कार्य कर रही है।
विशिष्ट अतिथि समाजसेवी उदय कुमार गुप्ता ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ बेहतर भविष्य और रोजगार का माध्यम भी बन सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और सरकार की गाइडलाइंस का अनुपालन करते हुए पूरी मेहनत और लगन से प्रदर्शन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और अनुशासन से सफलता हासिल की जा सकती है।
मौके पर युवा जिलाध्यक्ष अजय उरांव, रोशन ठाकुर, पंकज भगत, लालू लोहरा, अमित उरांव समेत अन्य लोग मौजूद थे। प्रतियोगिता के समापन पर प्रथम से आठवें स्थान तक रहने वाली टीमों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में जय सरना फुटबॉल क्लब और आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।