Orange hindi lohardaga live

बड़चोरगाईं में 32 टीमों ने दिखाया दमखम, एसटी बोंगा बनी चैंपियन

By Team orangehindi

General
बड़चोरगाईं में 32 टीमों ने दिखाया दमखम, एसटी बोंगा बनी चैंपियन

खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और रोजगार से जोड़ने पर जोर, समापन समारोह में जुटे खेलप्रेमी

किस्को/लोहरदगा। किस्को प्रखंड के हिसरी पंचायत अंतर्गत बड़चोरगाईं स्कूल मैदान में वन सुरक्षा समिति के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए एसटी बोंगा की टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि चंदवा गड़गांव की टीम उपविजेता रही। जुमरा टोली को तीसरा और वन सुरक्षा समिति बड़चोरगाईं की टीम को चौथा स्थान मिला।

समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि झामुमो के लोहरदगा जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल नियमों का पालन करते हुए अपनी प्रतिभा निखारनी चाहिए।

मोजम्मिल अहमद ने कहा कि लोहरदगा में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। आवश्यकता खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को खेल के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है।

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को आयोजन समिति की ओर से खस्सी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने के बाद खिलाड़ियों में उत्साह देखा गया।

समापन समारोह में सपना म्यूजिकल ग्रुप की ओर से गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मौके पर जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार गुप्ता, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष विनेश कुमार गुप्ता, हिंडाल्को के भास्कर दास सिन्हा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

आयोजन की सफलता में वन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष पंचम लोहरा, सचिव शिवप्रसाद महतो सहित बबलू महतो, जट्टू उरांव, प्रतिज्ञान उरांव, बबलू उरांव, आकाश लोहरा, राजेश उरांव, हरि प्रकाश उरांव, जेरकू भगत, विनोद साहू, लुरका साहू, सिकंदर उरांव समेत ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को मंच देने के लिए भविष्य में भी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

और पढ़ें