Orange hindi lohardaga live

41वां कार्तिक उरांव साइकिल रेस का हुआ उद्घाटन

By Team Lohardaga live

Sport
साइकिल रेस का उद्घाटन करते अतिथि गण

युवाओं को देशभक्ति और सामाजिक जागरण का दिया गया संदेश

साइकिल रेस में शामिल प्रतिभागी

लोहरदगा। विकास भारती बिशुनपुर के तत्वावधान में आयोजित 41वां कार्तिक उरांव साइकिल रेस का भव्य उद्घाटन लोहरदगा के बक्शीडीपा मैदान में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगीत के साथ किया गया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विकास भारती बिशुनपुर के सचिव पद्मश्री अशोक भगत ने कहा कि यह साइकिल रेस युवाओं को देशभक्ति, सामाजिक कर्तव्य और राष्ट्रसेवा से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनी है। उन्होंने कहा कि झारखंड के महान व्यक्तित्वों जतरा टाना भगत और कार्तिक उरांव के जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को समाज और देश के उत्थान में योगदान देना चाहिए।

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के झारखंड प्रांत संघचालक श्री सच्चिदानंद लाल अग्रवाल ने कहा कि समाज और राष्ट्र सर्वोपरि है, और इसके लिए समर्पण आवश्यक है। लगातार 41 वर्षों तक कार्तिक उरांव साइकिल रेस का आयोजन इस समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पूर्व लोकसभा सांसद श्री सुदर्शन भगत ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में प्रतियोगिता, अनुशासन और समाजसेवा की भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि चिंगरी पहुंचकर जतरा टाना भगत के योगदान को नमन करना अपने आप में गर्व का विषय है।

कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा जिलाध्यक्ष मनीर उरांव, भिखारी भगत समेत कई अतिथियों ने युवाओं को प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रणव पाठक ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन देवेंद्र मंडल ने किया।

इस अवसर पर विकास भारती बिशनपुर के संयुक्त सचिव महेंद्र भगत, कृपा प्रसाद सिंह, मनोज दास, पुष्कर महतो, धनराज महतो, त्रिवेणी दास, जिला परिषद उपाध्यक्ष विनोद उरांव, तंबू उरांव, कलावती देवी, उमा देवी, रामस्वारथ महतो, जनमजय महतो, जयराम उरांव, कलाकार राजेश भगत, रविंद्र दत्त, नारायण अग्रवाल, लक्ष्मी नारायण भगत, बालकृष्ण सिंह, राजकुमार वर्मा, शिवशंकर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र और युवा उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और जोश का माहौल रहा। साइकिल रेस के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।