लोहरदगा में 53 किलो गांजा बरामद, फर्जी नंबर प्लेट वाली अल्टो जब्त
By Team orangehindi

बनारस ले जाया जा रहा था गांजा, बिहार के कैमूर निवासी पंकज चौरसिया गिरफ्तार; कार चालक फरार
लोहरदगा-कुड़ू मुख्य सड़क के सिरही नावाटोली जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने 53 किलो गांजा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गांजा ले जाने में इस्तेमाल की जा रही ग्रे रंग की अल्टो कार पर दो अलग-अलग नंबरों की फर्जी प्लेट लगी हुई थी। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है, जबकि उसका चालक फरार बताया जा रहा है।
एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने बताया कि 14 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को सिरही नावाटोली जाने वाले रास्ते पर एक अल्टो कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी होने की सूचना मिली थी। इसके बाद छापेमारी दल गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे जवानों ने पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज चौरसिया, पिता किशुन चौरसिया, निवासी मानपुर बिठुर, थाना चैनपुर, जिला कैमूर (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने गांजा बनारस ले जाने की बात बताई। अंचलाधिकारी रामनारायण खलखो की मौजूदगी में तलाशी के दौरान कार से भूरे टेप में लिपटे 38 पैकेटों में कुल 53 किलो गांजा बरामद किया गया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी मिला।
पुलिस ने जेएच 01 आर 7313 और ओआर 02 बीके 1101 नंबर की प्लेट लगी ग्रे अल्टो कार जब्त की है। कार चालक विश्वनाथ कुमार फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक रमेश कुमार सिंह व आदर्श कुमार, सहायक अवर निरीक्षक दीपक कुमार गुप्ता व चंद्रदीप मेहता तथा आरक्षी मुकेश कुमार शर्मा, सत्य किशोर कुमार और जीतू उरांव शामिल थे।