Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में 18 परीक्षा केंद्रों पर 5,544 अभ्यर्थी होंगे शामिल, कदाचारमुक्त परीक्षा कराने के निर्देश

By Team Lohardaga live

Administrative
A

19 जुलाई को तीन पालियों में होगी झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा

लोहरदगा। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में शुक्रवार को तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को आयोग की गाइडलाइन एवं एसओपी का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी अथवा परीक्षा की नोडल पदाधिकारी से संपर्क कर समाधान करने को कहा।

परीक्षा से पूर्व केंद्रों का होगा निरीक्षण

उपायुक्त ने सभी स्टेटिक एवं पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा का शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था होगी सुदृढ़

बैठक में संबंधित एजेंसी को सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों का अधिष्ठापन समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अधिकारियों को एसओपी के अनुरूप इसकी कड़ाई से निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।

तीन पालियों में होगी परीक्षा

झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन 19 जुलाई को तीन पालियों में किया जाएगा। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक तथा तीसरी पाली अपराह्न 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी।

18 केंद्रों पर परीक्षा, 5,544 अभ्यर्थी होंगे शामिल

जिले में परीक्षा के लिए कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5,544 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। उपायुक्त ने सभी केंद्रों पर पेयजल, पर्याप्त रोशनी, स्वच्छ शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मियों को समय पर अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचने को कहा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, परियोजना निदेशक आईटीडीए सह परीक्षा की नोडल पदाधिकारी सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर सहित जोनल दंडाधिकारी, स्टेटिक एवं पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, ऑब्जर्वर, केंद्राधीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।