Orange hindi lohardaga live

बीएस कॉलेज स्टेडियम में विधायक मद से बनी 61 योजनाओं का उद्घाटन, 51 नई योजनाओं का हुआ शिलान्यास

By Team Lohardaga live

political
मंच पर उपस्थित अतिथि

खेल के क्षेत्र में लोहरदगा को मिलेगा नया आयाम :- डॉ. रामेश्वर उरांव

फीता काटकर उद्घाटन करते अतिथिगण

लोहरदगा। बलदेव साहू कॉलेज स्थित स्टेडियम में गुरुवार को लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू और उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने संयुक्त रूप से विधायक मद से निर्मित 61 योजनाओं का उद्घाटन तथा 51 योजनाओं का शिलान्यास किया।

इन योजनाओं पर कुल 5.11 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है। स्टेडियम में दर्शकों के बैठने के लिए कुर्सी, पीने के साफ पानी के लिए एक्वागार्ड, अभ्यास हेतु फ्लड लाइट की सुविधा और मुख्य मंच पर टाइल्स लगाने जैसे कई कार्य पूरे किए गए हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि लोहरदगा जिले में खेल के विकास में धीरज प्रसाद साहू के परिवार का बड़ा योगदान रहा है।

उन्होंने कहा कि जब जिले में खेल की सुविधाएं बहुत कम थीं, तब साहू परिवार ने खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम निर्माण कराया। आज इस परिसर में अनेक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हो रहा है। आने वाले समय में यहां बास्केटबॉल कोर्ट भी बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य की पहचान आज हॉकी, क्रिकेट और तीरंदाजी जैसे खेलों से है। विधायक मद से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य जारी रहेगा। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे खेल के साथ-साथ स्टेडियम की सुविधाओं की भी सुरक्षा सुनिश्चित करें।

पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि जिले का ललित नारायण स्टेडियम भी नया रूप लेगा।

उन्होंने बताया कि स्टेडियम के विकास के लिए प्रस्ताव मुख्यमंत्री झारखंड के पास भेजे गए हैं।

लोहरदगा के युवाओं से अपील है कि वे खेल और पढ़ाई दोनों पर समान ध्यान दें। भविष्य में बीएस कॉलेज स्टेडियम में भी कई नई सुविधाएं जोड़ी जाएंगी, उन्होंने कहा।

उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं।

खूंटी, सिमडेगा, गुमला जैसे जिलों के हॉकी खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। लोहरदगा के खिलाड़ी भी मेहनत करें और ऐसी ही पहचान बनाएं, उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि जब भी उन्हें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से मिलने का मौका मिले, वे उनकी तकनीकें और खेल का अनुशासन जरूर सीखें।

कार्यक्रम के दौरान जिले के कई खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। जिसमें कुश्ती में अजीता उरांव, सुशांति कुजूर, सीता कुमारी, एथलेटिक्स में आराधना लकड़ा, शिवांगी किस्पोट्टा, निशांत भगत, क्रिकेट में सुशांत साहू, पूजा कुमारी, रनबीर साहू को मेडल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपविकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, एसडीओ अमित कुमार,एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, बीएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शशि कुमार गुप्ता, सचिदानंद चौधरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, खिलाड़ी और नागरिक उपस्थित थे।