Orange hindi lohardaga live

72-लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन, अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का लिया जायजा

By Team orange hindi

Administrative
72-लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन, अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का लिया जायजा

एसआईआर-2026 के तहत सभी मतदान केंद्रों पर सूची प्रदर्शित, मतदाताओं से नाम और विवरण जांचने की अपील

72-लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन, अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का लिया जायजा

लोहरदगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत बुधवार को 72-लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 11 बजे प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां प्रदर्शित की गईं। इसके साथ ही एएसडीडी सूची भी सार्वजनिक की गई, ताकि मतदाता अपने नाम के साथ परिवार के सदस्यों के नाम की भी जांच कर सकें।

प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) के कार्यालयों के सूचना पट्ट पर भी प्रदर्शित की गईं। सूची देखने के लिए कई मतदाता संबंधित कार्यालयों और मतदान केंद्रों पर पहुंचे तथा अपने और परिजनों के नाम का सत्यापन किया।

उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना के निर्देश पर जिले के अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन की व्यवस्था का निरीक्षण किया। जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार ने भंडरा प्रखंड स्थित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय तथा लोहरदगा शहरी क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रारूप सूची के प्रदर्शन और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

वहीं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर प्रकाशन प्रक्रिया की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची का विधिवत प्रकाशन कराया।

उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची और एएसडीडी सूची की प्रतियां संबंधित बीएलओ के पास भी उपलब्ध हैं। किसी कारणवश मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच पाने वाले मतदाता अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर अपने और परिवार के सदस्यों के नाम की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

मतदाता प्रारूप मतदाता सूची और एएसडीडी सूची की जानकारी ऑनलाइन भी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड की आधिकारिक वेबसाइट या लोहरदगा जिला प्रशासन की वेबसाइट पर उपलब्ध संबंधित लिंक का उपयोग किया जा सकता है। जिला, विधानसभा क्षेत्र और पार्ट नंबर दर्ज करने के बाद संबंधित मतदाता सूची देखी जा सकती है।

प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम जरूर जांच लें। नाम, पता या अन्य विवरण में किसी तरह की त्रुटि होने, नाम हटाने या नया नाम जोड़ने की आवश्यकता होने पर निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित प्रपत्र के माध्यम से दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

प्रशासन का कहना है कि मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से अंतिम मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने में मदद मिलेगी।

और पढ़ें