सूंड़ी समाज के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में लोहरदगा से 15 सदस्यीय दल होगा शामिल
By Teem Lohardaga live

लोहरदगा। दिल्ली में 14 दिसंबर को आयोजित होने वाले सूंड़ी समाज अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में लोहरदगा से 15 लोगों की टीम शामिल होगी। यह जानकारी सूंड़ी समाज लोहरदगा के अध्यक्ष रितेश कुमार ने बैठक के दौरान दी।
सम्मेलन में भागीदारी सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से सूंड़ी समाज, छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संयोजक शिवरतन गुप्ता का लोहरदगा आगमन हुआ। उन्होंने कोर समिति सदस्यों के साथ बैठक कर सम्मेलन में शामिल होने के लिए औपचारिक आमंत्रण दिया। सदस्यों ने बुके और अंगवस्त्र देकर उनका स्वागत किया तथा लोहरदगा से कम से कम 15 सदस्यों की सहभागिता का भरोसा दिलाया।
शिवरतन गुप्ता ने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी वास्तविक शक्ति है, जिसके बल पर आज विभिन्न राज्यों में सूंड़ी समाज की पहचान और राजनीतिक भागीदारी बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि समाज भविष्य में धर्मशाला निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित कई सार्वजनिक क्षेत्रों में और बेहतर कार्य करने की दिशा में प्रयासरत रहेगा। साथ ही छात्रवृत्ति योजना, सामूहिक विवाह और मेधावी छात्रों के प्रोत्साहन जैसी पहलें भी निरंतर चलती रहेंगी।
बैठक में जिलाध्यक्ष रितेश कुमार, सचिव पंकज साहू, उपाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी विनय कुमार साहू, पूर्व अध्यक्ष नंदकिशोर प्रसाद साहू, संरक्षक गुप्तेश्वर गुप्ता, मुकेश साहू, लक्ष्मी नारायण साहू, लखनलाल मांझी, गुड्डुस प्रसाद, उदय साहू और मनीष साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
