विक्षिप्त महिला व अधेड़ की पिटाई, दोनों गंभीर रूप से घायल, निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
By Team Lohardaga live


लोहरदगा। जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत बदला गांव में एक विक्षिप्त महिला और बीच-बचाव करने पहुंचे एक अधेड़ के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में मानसिक रूप से कमजोर 42 वर्षीय कुरू उरांव और उनके रिश्तेदार 50 वर्षीय एतवा टाना भगत गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज लोहरदगा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
पीड़ित परिजनों के अनुसार कुरू उरांव मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और अक्सर ऊंची आवाज में बोलती रहती हैं। उनके घर के ठीक बगल में पप्पू राम की गैस एजेंसी की दुकान है। आरोप है कि पप्पू राम पूर्व में भी महिला पर हंगामा करने का आरोप लगाकर उसके साथ दुर्व्यवहार कर चुका है। विगत रात इसी बात को लेकर वह लाठी-डंडे के साथ महिला के घर में घुसा और उसकी पिटाई कर दी।
मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एतवा टाना भगत को भी आरोपित ने जमकर पीटकर घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़ितों और उनके परिजनों ने सेन्हा थाना पुलिस को सूचना दी।
इस संबंध में सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि दो लोगों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल किए जाने की सूचना मिली है। लिखित शिकायत प्राप्त होने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
