Orange hindi lohardaga live

अब्दुल कादिर अली निर्विरोध उपाध्यक्ष के रूप में निर्वाचित, अध्यक्ष अनिल उरांव ने दिलायी शपथ

By Team Lohardaga live

Administrative
अब्दुल कादिर को उपाध्यक्ष की शपथ दिलाते अनिल उरांव

लोहरदगा। नगर परिषद उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न हो गया जिसमें वार्ड-12 के पार्षद अब्दुल कादिर अली को नगर परिषद लोहरदगा के उपाध्यक्ष के रूप में चुनाव किया गया। नाम निर्देशन की प्रक्रिया में एकमात्र उम्मीदवार के रूप में अब्दुल कादिर अली ने ही नामांकन दाखिल किया जो स्क्रूटनी में भी सही पाया गया। निर्विरोध निर्वाचित हुए नगर परिषद लोहरदगा के उपाध्यक्ष को नगर परिषद के अध्यक्ष अनिल उराँव ने शपथ दिलायी।

इससे पूर्व नगरपालिका आम निर्वाचन, 2026 में निर्वाचित अध्यक्ष और सभी 23 वार्ड पार्षदों को उपायुक्त द्वारा शपथ दिलायी गयी।

ईद, सरहुल व रामनवमी में विधि-व्यवस्था कायम रखने में आप सभी की भूमिक अहम : डॉ ताराचंद

आज निर्वाचन संपन्न होने के उपरांत उपायुक्त डॉ ताराचंद ने सभी निर्वाचित लोकप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों ईद, सरहुल व रामनवमी में लोहरदगा शहरी क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाये रखने में आप सभी की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण है। आप किसी भी तरह की सूचना को अविलंब जिला प्रशासन के साथ बेहिचक साझा करें। प्रशासन कार्रवाई करेगी। अगर कोई अपना करीबी भी गलत कर रहा है तो उसका समर्थन नहीं करें। अगर उसे आज संरक्षण दिया गया तो भविष्य में वह नियंत्रण से बाहर होगा। अब आपकी जिम्मेदारी अहम हो गयी है।

उपायुक्त ने कहा कि अपने कार्यकाल में सभी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें। पूरे लोहरदगा शहरी क्षेत्र का विकास आपके कार्य पर तय होगा। कभी भी किसी प्रकार की समस्या आने पर आपस में चर्चा अवश्य करें।

सोशल मीडिया पर रखें नजर : सादिक अनवर रिजवी

पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि आज सोशल मीडिया पर डाला गया पोस्ट तुरंत वायरल हो जाता है। आप शहरी क्षेत्र के मतदाताओं के संपर्क में रहते हैं और अधिकतर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव भी रहते हैं। ऐसे में अगर आपके किसी जान पहचान वाले ने किसी तरह का सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है तो उसे ऐसा करने से अवश्य रोकें। किसी को आहत करनेवाला या भड़काउ पोस्ट करने से रोकें। अपने क्षेत्र की छवि हमेशा साफ-सुथरी रखने का प्रयास करें। जिला प्रशासन को तुरंत सूचना दें ताकि सौहार्द्र ना बिगड़े।

आज इस अवसर पर उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहता-सह-निवार्ची पदाधिकारी जितेंद्र मुण्डा, सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी, नगर परिषद अध्यक्ष, सभी वार्ड सदस्य व निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।