Orange hindi lohardaga live

मनरेगा को खत्म करना मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला : आलोक साहू

By Team Lohardaga live

political
इंटक जिला अध्यक्ष आलोक साहू

लोहरदगा। इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के लोहरदगा जिला अध्यक्ष आलोक कुमार साहू ने केंद्र की मोदी सरकार पर मनरेगा को कमजोर और समाप्त करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह फैसला देश के मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आलोक साहू ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) मजदूरों के लिए केवल एक योजना नहीं बल्कि रोजगार की संवैधानिक गारंटी है। इस योजना ने ग्रामीण क्षेत्रों से होने वाले पलायन को रोकने में अहम भूमिका निभाई है। केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा को खत्म करने या कमजोर करने का प्रयास मजदूरों के साथ अन्याय है।

इंटक अध्यक्ष ने जानकारी दी कि कांग्रेस पार्टी द्वारा 5 जनवरी से पूरे देश में मनरेगा बचाओ अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में इंटक यूनियन के मजदूर साथियों की भागीदारी जोरदार तरीके से होगी। उन्होंने कहा कि मजदूर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेंगे।

आलोक साहू ने कहा कि मजदूर अपने पीठ पर लात सह सकता है, लेकिन पेट पर लात बर्दाश्त नहीं करेगा। मनरेगा को खत्म करने के फैसले से मजदूरों में भारी नाराजगी है और इसका जवाब आने वाले समय में दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मनरेगा कोई साधारण सरकारी योजना नहीं है, बल्कि यह महात्मा गांधी के जीवन दर्शन का संवैधानिक रूप है, जिसका उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सम्मानजनक रोजगार और आजीविका पहुंचाना है।