लोहरदगा-गुमला रोड पर बढ़ रहे हादसे, शहर को चाहिए बाईपास रोड : सामाजिक विचार मंच
By Team Lohardaga live

लोहरदगा-गुमला रोड पर प्रतिदिन हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय सामाजिक संगठन सामाजिक विचार मंच ने गहरी चिंता व्यक्त की है। संगठन के संयोजक कवलजीत सिंह ने बताया कि इस मार्ग पर बड़ी और छोटी गाड़ियों की एक ही सड़क से आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि न्यू रोड, पावरगंज, साइडिंग होते हुए सभी वाहन गुजरते हैं, जिससे शहर के बीचोंबीच ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है और हादसे हो रहे हैं।
कवलजीत सिंह ने जोर देकर कहा कि अब लोहरदगा शहर को एक बाईपास या रिंग रोड की तत्काल आवश्यकता है। उन्होंने लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत से अपील की कि वे केंद्र और राज्य सरकार से इस दिशा में पहल करें।
उन्होंने कहा कि अगर शहर में बिजली, पानी, सड़क और बाईपास की व्यवस्था नहीं होगी तो जनता अपने जनप्रतिनिधियों से ही उम्मीद करेगी। सिर्फ सड़क सुरक्षा की बैठकों में भाग लेना पर्याप्त नहीं, अब जमीन पर कार्य करने की जरूरत है।
सामाजिक विचार मंच ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि वे शीघ्र इस गंभीर समस्या पर ठोस कदम उठाएं, ताकि आए दिन हो रहे हादसों पर रोक लग सके और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
