Orange hindi lohardaga live

बाउंड्री तोड़ने और धमकी देने का आरोप, वार्ड पार्षद अजय उरांव के खिलाफ महिला ने थाने में दिया आवेदन

By Team orangehindi

General
बाउंड्री तोड़ने और धमकी देने का आरोप, वार्ड पार्षद अजय उरांव के खिलाफ महिला ने थाने में दिया आवेदन

जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर आमने-सामने आए दोनों पक्ष, महिला ने सुरक्षा की गुहार लगाई तो पार्षद ने भी जमीन पर जताया अपना दावा

लोहरदगा। जमीन विवाद को लेकर पतराटोली निवासी सविता कुमारी ने वार्ड संख्या-5 के पार्षद अजय उरांव समेत चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिला ने अपनी जमीन की बाउंड्री के पिलर और तार तोड़े जाने, फोन पर धमकी देने तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने 14 अक्टूबर 2026 को लोहरदगा सदर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

आवेदन के अनुसार, सविता कुमारी ने खाता संख्या 81/सा 157 और प्लॉट संख्या नया 1463/सा 1523 में कुल छह डिसमिल तीन कड़ी जमीन खरीदी है। उनका आरोप है कि 13 अक्टूबर की रात करीब 8:20 बजे अजय उरांव ने फोन कर जमीन पर बाउंड्री निर्माण को लेकर धमकी दी और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। इसके बाद वह अपने पति के साथ जमीन देखने पहुंचीं, जहां कथित तौर पर अजय उरांव कुछ अन्य लोगों के साथ मौजूद थे। महिला ने वहां गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप लगाया है।

सविता कुमारी के मुताबिक, 14 अक्टूबर को जब वह दोबारा अपने पति के साथ जमीन पर पहुंचीं, तो बाउंड्री के पिलर और तार टूटे हुए मिले। उन्होंने आशंका जताई कि इसमें अजय उरांव और अन्य लोग शामिल हो सकते हैं।

वहीं, पार्षद अजय उरांव का कहना है कि उन्होंने संबंधित व्यक्ति से 13 लाख रुपये देकर जमीन खरीदी है। उनके अनुसार, जमीन बेचने के बाद भी संबंधित व्यक्ति ने बेची गई जमीन से पांच फीट आगे बढ़कर बाउंड्री बना दी थी, जिसे तोड़ा गया है।

महिला ने अपने आवेदन की प्रतिलिपि महिला थाना, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक, लोहरदगा को भी सौंपी है। फिलहाल मामला जमीन के स्वामित्व और बाउंड्री निर्माण से जुड़े विवाद का है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

और पढ़ें