Orange hindi lohardaga live

दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश

By Team orangehindi

General
दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश

विसर्जन स्थलों पर डेंजर जोन चिह्नित होंगे, गोताखोरों की होगी तैनाती; अलग प्रवेश-निकास द्वार की व्यवस्था अनिवार्य

लोहरदगा। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक हुई। इसमें पूजा पंडालों की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, चिकित्सा, अग्निशमन, यातायात और प्रतिमा विसर्जन समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों को पंडालों में पर्याप्त संख्या में वोलेंटियर्स तैनात करने का निर्देश दिया। वोलेंटियर्स को पहचान पत्र और निर्धारित ड्रेस कोड उपलब्ध कराने के साथ पंडालों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने को कहा गया।

नगर परिषद को विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर डेंजर जोन चिह्नित करने, पर्याप्त रोशनी, गोताखोरों की तैनाती, नियमित सफाई, पानी के टैंकर, चलंत शौचालय और डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी जोर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग को आवश्यकतानुसार पूजा स्थलों पर मेडिकल टीम और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विद्युत विभाग को पंडालों में सुरक्षित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ तारों और कनेक्शनों की जांच करने का निर्देश दिया गया। अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने पूजा समितियों को पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार रखने तथा वोलेंटियर्स के मोबाइल नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के अनुरूप यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे। बैठक में प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर पूजा आयोजन करने की अपील की गई।

बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, एसडीओ अमित कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, डीएसपी समीर तिर्की सहित संबंधित अधिकारी, थाना प्रभारी और केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें