लोहरदगा में रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, फ्लैग मार्च के जरिए किया शक्ति प्रदर्शन
By Team Lohardaga live

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
लोहरदगा। जिले में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में सदर थाना परिसर से उपायुक्त डॉ कुमार ताराचंद और एसपी सादिक अनवर रिजवी के नेतृत्व में शहर क्षेत्र में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी तैयारी और सतर्कता का संदेश दिया।
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च किया गया, जिसमें एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, एसडीओ अमित कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल के जवान शामिल हुए। इस दौरान आम लोगों से भी शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।
प्रशासन ने जानकारी दी कि रामनवमी के दौरान जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।
इसके अलावा, 24 घंटे गश्त जारी रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। प्रशासन सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर बनाए हुए है और अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाएं। अधिकारियों ने भरोसा जताया कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और रामनवमी सहित आने वाले सभी त्योहार जिले में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होंगे।
