सुनीता लोहरा की मौत पर प्रशासन सख्त, कस्तूरबा विद्यालय पहुंची पांच सदस्यीय जांच टीम
By Team orangehindi


वार्डन, शिक्षकों, छात्राओं और सुरक्षा गार्ड से घंटों पूछताछ; इलाज में देरी और परिजनों को सूचना देने के मामले की पड़ताल
लोहरदगा। किस्को प्रखंड स्थित पीएम श्री कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की सातवीं कक्षा की छात्रा सुनीता लोहरा की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। उपायुक्त संदीप कुमार मीना के निर्देश पर गठित पांच सदस्यीय विशेष जांच टीम गुरुवार को विद्यालय पहुंची और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन पड़ताल की। टीम ने वार्डन, शिक्षकों, छात्राओं और सुरक्षा गार्ड से घंटों पूछताछ कर जानकारी जुटाई।
जांच टीम में एसडीओ अमित कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास, जिला शिक्षा पदाधिकारी सुनंदा दास चंद्रमलेश्वर और किस्को अंचलाधिकारी अजय कुमार शामिल थे। अधिकारियों ने विद्यालय में गोपनीय तरीके से जांच की। इस दौरान मीडिया कर्मियों को जांच स्थल से दूर रखा गया।
जांच के केंद्र में छात्रा की तबीयत बिगड़ने का समय, उसे उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सुविधा और परिजनों को सूचना देने में हुई कथित देरी जैसे सवाल रहे। टीम ने वार्डन संगीता साहू समेत संबंधित कर्मियों से पूछताछ कर घटनाक्रम को समझने का प्रयास किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने सभी पक्षों से जानकारी लेकर तथ्यों का आकलन किया।
इधर, घटना से चिंतित अन्य छात्राओं के अभिभावक भी विद्यालय पहुंचे। गौरतलब है कि मंगलवार को सुनीता की सदर अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन और वार्डन पर लापरवाही का आरोप लगाया था।
प्रशासन का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की परिस्थितियों और जिम्मेदारी से जुड़े तथ्यों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।