लोहरदगा में अवैध बालू खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, सेन्हा थाना क्षेत्र से बिना चालान बालू ले जा रहे 6 हाईवा जब्त
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सेन्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्हेपाट भड़गांव इलाके से पुलिस ने अवैध बालू लोडेड छह हाईवा को जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेन्हा अंचलाधिकारी पंकज भगत और थाना प्रभारी नीरज झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर यह कार्रवाई की गई। जब अधिकारियों को अवैध बालू परिवहन की सूचना मिली, तो टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहनों की जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि सभी हाईवा के ऊपर से चिप्स लोड किया गया था, लेकिन अंदर अवैध रूप से बालू छिपाकर रखा गया था। जब वाहन चालकों और कंपनी प्रतिनिधियों से बालू से संबंधित वैध कागजात और चालान की मांग की गई, तो वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
जब्त की गई सभी छह गाड़ियां जिले में सड़क निर्माण कार्य कर रही बीटीआईपीएल कंस्ट्रक्शन कंपनी की बताई जा रही हैं। बिना वैध कागजात के बालू परिवहन किए जाने पर पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर सेन्हा थाना ले आई।
थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि इस मामले में सभी छह वाहनों के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही पूरे मामले की सूचना खनन विभाग के अधिकारियों को भी दे दी गई है।
