नेमरा पहुंचकर धीरज प्रसाद साहू ने हेमंत सोरेन से की मुलाकात, रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि
By Team orangehindi

मां को खोने का दुख अपूरणीय, शोक की इस घड़ी में मुख्यमंत्री और उनके परिवार के साथ खड़े हुए कांग्रेस नेता
लोहरदगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने नेमरा पहुंचकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत माता रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि मां को खोने का दुख जीवन की सबसे गहरी पीड़ाओं में से एक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और साथ जीवन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उनके निधन से उत्पन्न रिक्तता को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। ऐसे कठिन समय में परिवार को अपनों के साथ और संवेदना की सबसे अधिक आवश्यकता होती है।
उन्होंने कहा, “इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें।”
धीरज प्रसाद साहू की मुख्यमंत्री से यह मुलाकात दुख की घड़ी में साथ खड़े रहने और पारिवारिक संवेदना व्यक्त करने का अवसर बनी। इस दौरान अधिवक्ता सच्चिदानंद चौधरी भी मौजूद थे। सभी ने दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।