बॉक्साइट अनलोडिंग के बाद पेशाब करने गए मजदूर पर गिरा वज्रपात, मौत
By Team orangehindi

सदर थाना क्षेत्र के स्पेशल डंपिंग यार्ड की घटना, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
लोहरदगा। सदर थाना क्षेत्र के स्पेशल डंपिंग यार्ड में बुधवार को वज्रपात की चपेट में आने से 55 वर्षीय मजदूर अयूब अंसारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुरसे गांव निवासी अयूब अंसारी, पिता अली बख्श के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अयूब अंसारी डंपिंग यार्ड में बॉक्साइट अनलोडिंग का काम करते थे। बुधवार को बॉक्साइट अनलोडिंग करने के बाद वह पेशाब करने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक वज्रपात की चपेट में आकर गंभीर रूप से प्रभावित हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू भी अस्पताल पहुंचे और मृतक के बेटों से मुलाकात कर सहयोग राशि दी। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
इधर, घटना के बाद डंपिंग यार्ड में मजदूरों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने परिसर में वज्रपात से बचाव के लिए लाइटनिंग अरेस्टर सहित अन्य सुरक्षा इंतजामों की उपलब्धता की जांच की मांग की है। हालांकि, डंपिंग यार्ड में लाइटनिंग अरेस्टर मौजूद है या नहीं, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
सिविल सर्जन ने बताया कि देर शाम होने के कारण बुधवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की बात कही गई है।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि निश्चित जायसवाल, रोहित उरांव, अंजुमन इस्लामिया के पदाधिकारी, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष मुजम्मिल अंसारी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे|