Orange hindi lohardaga live

चार महीने के बकाया वेतन पर बनी सहमति, दो महीने का भुगतान तत्काल करेगी एजेंसी

By Team orangehindi

General
चार महीने के बकाया वेतन पर बनी सहमति, दो महीने का भुगतान तत्काल करेगी एजेंसी

दशहरा तक काम करेंगे कर्मचारी, शेष मांगों पर त्योहार के बाद होगी वार्ता

लोहरदगा। नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों के चार महीने के बकाया वेतन को लेकर शुक्रवार को पुराना नगरपालिका कार्यालय में सामूहिक वार्ता हुई। वार्ता में कार्यपालक पदाधिकारी, श्री श्याम एसडब्ल्यूएम एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर, सिटी मैनेजर, झारखंड राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ की जिला शाखा लोहरदगा के अध्यक्ष महेश कुमार सिंह सहित एजेंसी के सभी कर्मचारी शामिल हुए। सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई वार्ता में बकाया वेतन भुगतान को लेकर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।

निर्णय के अनुसार, एजेंसी तत्काल दो महीने का बकाया वेतन सभी कर्मचारियों के बैंक खातों में भुगतान करेगी। इसके बाद अगले दो महीने का वेतन भी कर्मचारियों के खातों में जमा किया जाएगा। साथ ही एजेंसी की ओर से प्रत्येक माह नियमित रूप से वेतन भुगतान करने पर सहमति बनी। इस सहमति के आधार पर कर्मचारी एजेंसी के साथ काम जारी रखेंगे।

दशहरा त्योहार को देखते हुए कर्मचारियों ने त्योहार तक काम करने का निर्णय लिया है। उल्लेखनीय है कि चार महीने से वेतन का भुगतान नहीं होने के कारण कर्मचारी हड़ताल पर जाने को बाध्य हुए थे। कर्मचारियों ने वेतन भुगतान में देरी को लेकर एजेंसी के प्रति नाराजगी जताई थी।

वार्ता में यह भी तय किया गया कि कर्मचारियों की अन्य मांगों पर दशहरा के बाद फिर से बातचीत की जाएगी। वेतन भुगतान को लेकर बनी सहमति से नगर की स्वच्छता व्यवस्था सुचारू बनाए रखने की उम्मीद है।

और पढ़ें