Orange hindi lohardaga live

छूने या चूमने से नहीं फैलता एड्स : डॉ. अर्चना

By Team Lohardaga live

General
एड्स जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित बच्चे

लोहरदगा डालसा के तहत स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

लोहरदगा। झालसा के निर्देश पर पीडीजे सह डालसा अध्यक्ष राजकमल मिश्रा और डालसा सचिव राजेश कुमार के आदेशानुसार एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस नदिया हिंदू उच्च विद्यालय लोहरदगा में किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार लोहरदगा और आईसीटीसी सदर अस्पताल के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में एचआईवी और एड्स अधिनियम 2017 के तहत पीड़ित व्यक्तियों के कानूनी अधिकारों और सरकारी लाभों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में आईसीटीसी इंचार्ज डॉ. अर्चना, पीएलवी गौतम लेनिन, अनिमा एक्का और विद्यालय के प्रिंसिपल निश्चल मिंज उपस्थित थे। जागरूकता कार्यक्रम में 225 छात्रों ने भाग लिया। पीएलवी गौतम लेनिन ने कहा कि एचआईवी/एड्स का सबसे बड़ा बचाव जागरूकता है। उन्होंने बताया कि टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1097 पर इससे संबंधित किसी भी शंका का समाधान किया जा सकता है।

आईसीटीसी इंचार्ज डॉ. अर्चना ने छात्रों को बताया कि एचआईवी/एड्स छूने या चूमने से नहीं फैलता है। एक ही ब्लेड या इंजेक्शन का बार-बार उपयोग करने से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। असुरक्षित यौन संबंध तथा गोदना या टैटू बनवाने में अस्वच्छ उपकरणों का उपयोग भी जोखिमपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स पीड़ित व्यक्तियों को सरकार की ओर से प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता और रेलवे टिकट में 75 प्रतिशत छूट दी जाती है। जिले में सौ से अधिक एचआईवी/एड्स पीड़ित दर्ज हैं और सभी को सामान्य जीवन जीने का अधिकार है।

कार्यक्रम का संचालन पीएलवी अनिमा एक्का ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रिंसिपल निश्चल मिंज ने दिया।