अकिल एड़पा कार्यक्रम: चुन्नीलाल उच्च विद्यालय का डीडीसी ने किया निरीक्षण
By Team orange hindi

समय पर सिलेबस पूरा कराने और कमजोर विद्यार्थियों के लिए रिमेडियल कोचिंग चलाने का निर्देश
लोहरदगा। उपायुक्त के निर्देश पर अकिल एड़पा कार्यक्रम के तहत उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम ने मंगलवार को राजकीयकृत प्लस टू चुन्नीलाल उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक परीक्षाओं में विद्यार्थियों का बेहतर प्रदर्शन और शत-प्रतिशत परिणाम सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक को निर्धारित सिलेबस समय पर पूरा कराने और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मासिक परीक्षाओं के परिणामों की नियमित समीक्षा कर कम अंक पाने वाले विद्यार्थियों को चिह्नित किया जाए और उनके लिए रिमेडियल कोचिंग एवं अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग की व्यवस्था की जाए।
विज्ञान संकाय में पीसीएम और पीसीबी के विद्यार्थियों की प्रत्येक माह कम से कम दो बार परीक्षा लेने तथा परिणाम के आधार पर शैक्षणिक सुधार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पिछले पांच वर्षों के परीक्षा परिणामों का विषयवार विश्लेषण कर कमजोर विषयों की पहचान करने और उनके लिए विशेष रणनीति तैयार करने को कहा गया।
डीडीसी ने शिक्षकों की समय पर उपस्थिति पर भी विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों से स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आकस्मिक अवकाश की स्वीकृति निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही दी जाए।
विद्यालय प्रबंधन को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन और निरंतर मूल्यांकन के माध्यम से आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान सीआरपी श्याम कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।