सभी कोषांग आपसी समन्वय के साथ करें काम : उपायुक्त डॉ ताराचंद
By Team Lohardaga live

लोहरदगा नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण एवं त्रुटिरहित संपन्न कराने को लेकर उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में बुधवार को सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी कोषांगों में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करें। निर्वाचन कार्य में आपसी समन्वय अत्यंत आवश्यक है, जिसका सभी कोषांगों को सख्ती से पालन करना होगा। उन्होंने विधि-व्यवस्था से संबंधित निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने एवं प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने पर भी जोर दिया।
कोषांगों को दिए गए निर्देश
बैठक के दौरान कार्मिक कोषांग को मतदान कार्य के लिए आवश्यक पोलिंग पार्टियों की सूची तैयार कर तामिला सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। वहीं प्रशिक्षण कोषांग को पोलिंग पार्टियों के लिए आवश्यक प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार करने को कहा गया।
सिविल सर्जन को मतदानकर्मियों की बीमारी अथवा स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों की जांच हेतु एक मेडिकल बोर्ड का गठन करने का निर्देश दिया गया। सामग्री कोषांग को आवश्यक मतपेटिकाओं सहित अन्य चुनावी सामग्री की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया। परिवहन कोषांग को मतदान कार्य के लिए आवश्यक वाहनों की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
नामांकन की प्रक्रिया कल से शुरू
नगरपालिका निर्वाचन के तहत प्रत्याशी अपना नामांकन दिनांक 29 जनवरी 2026 से 4 फरवरी 2026 तक किसी भी कार्यदिवस में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक कर सकते हैं। नामांकन पत्र संबंधित निर्वाची पदाधिकारी से क्रय कर भरकर उसी के पास जमा किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी निर्वाची पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया।
आज की बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास, डीएसपी मुख्यालय समीर तिर्की सहित सभी निर्वाची पदाधिकारी, विभिन्न कोषांगों के वरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


