लोहरदगा में सर्वधर्म सामूहिक विवाह समारोह, 116 जोड़े बंधे विवाह बंधन में
By Team Lohardaga live

भूतपूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट की पहल, सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का दिया संदेश
लोहरदगा। भूतपूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट, लोहरदगा की ओर से सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और समाज के वंचित परिवारों को सामाजिक मान्यता दिलाने के उद्देश्य से समाहरणालय मैदान में सर्वधर्म सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मांडर की पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में समाज कल्याण पदाधिकारी सुषमा नीलम सोरेंग शामिल हुईं।
इस मौके पर कुल 116 जोड़ों का विवाह विभिन्न धर्मों के रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न कराया गया। समारोह के दौरान नवविवाहित जोड़ों को ट्रस्ट की ओर से विवाह प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जिससे उन्हें सामाजिक और कानूनी मान्यता प्राप्त हो सके।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि इस सामूहिक विवाह का उद्देश्य उन परिवारों को सामाजिक, पारिवारिक और धार्मिक अधिकार दिलाना है, जो किसी कारणवश अब तक औपचारिक विवाह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे। कार्यक्रम में कुछ ऐसे दंपति भी शामिल हुए, जिनके बच्चे पहले से हैं। सामाजिक रूप से विवाह संपन्न होने के बाद अब उनके बच्चों को भी परिवार और समाज में विधिवत मान्यता मिलेगी, साथ ही माता-पिता को सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक अधिकार प्राप्त होंगे।
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में 21 वर्ष से कम आयु के किसी भी जोड़े को शामिल नहीं किया गया, ताकि सभी विवाह निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप संपन्न हो सकें।
मुख्य अतिथि गंगोत्री कुजूर ने अपने संबोधन में कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज को जोड़ने और परिवारों को स्थिरता प्रदान करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक मान्यता मिलने से बच्चों का भविष्य सुरक्षित होता है और परिवार सम्मानपूर्वक जीवन जी पाते हैं।
समारोह में लोहरदगा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए। इस मौके पर संस्था के संरक्षक डॉ. टी. साहू, आलोक साहू, अभय कुमार महतो, संस्था के अध्यक्ष धर्मराज महतो, संरक्षक सहदेव उरांव, सचिव गोकुल उरांव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।
