Orange hindi lohardaga live

शिक्षक–अभिभावक की सहभागिता से बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव : डीईओ

By Team Lohardaga live

Education
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और अभिभावकों को सम्मानित करती डीईओ

सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस नदिया हिंदू में विशेष पीटीएम का आयोजन

लोहरदगा। राज्य परियोजना निदेशक के निर्देशानुसार सोमवार को डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, नदिया हिंदू में विशेष अभिभावक–शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित उपस्थिति और सर्वांगीण विकास को लेकर अभिभावकों को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में लोहरदगा के जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्र मौलेश्वर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि बच्चों का शैक्षणिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास तभी संभव है जब शिक्षक और अभिभावक मिलकर समन्वित प्रयास करें। इससे न केवल बेहतर शैक्षणिक परिणाम मिलते हैं, बल्कि घर और स्कूल के बीच एक सकारात्मक एवं सामंजस्यपूर्ण सीखने का वातावरण भी तैयार होता है, जो बच्चों की सफलता की मजबूत नींव रखता है।

पीटीएम का उद्देश्य आत्ममंथन

डीईओ ने कहा कि अभिभावक–शिक्षक बैठक का उद्देश्य केवल रिपोर्ट कार्ड तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्ममंथन का अवसर है। अभिभावकों को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेल प्रतियोगिताओं, एनसीसी एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भाग ले रहे हैं या नहीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजना अत्यंत आवश्यक है, तभी उनके परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट होंगे।

प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और अभिभावकों का सम्मान

इस विशेष पीटीएम के दौरान प्रत्येक कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके अभिभावकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों का मनोबल और अधिक बढ़ा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य निश्छल मिंज, स्कूल मैनेजर अरविंद कुमार अमरेश, एसएमसी सदस्य, विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, बाल संसद के सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाना रहा।