नवदुर्गा की आराधना के बीच नौ कन्याओं का पूजन, श्रद्धा और भक्ति से गूंजा महाविद्यालय परिसर
By Team orangehindi

विधि-विधान से चरण पूजन कर कन्याओं को कराया गया भोजन, उपहार भेंटकर लिया आशीर्वाद
लोहरदगा। नवरात्र के पावन अवसर पर मनोहर लाल अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर महाविद्यालय, लोहरदगा में नवकन्या पूजन का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। इस दौरान देवी स्वरूप नौ कन्याओं की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और मंगलकामना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा के चित्र के समक्ष पुष्पार्चन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मां दुर्गा की आरती की गई। धार्मिक परंपराओं के अनुसार नौ कन्याओं के चरण धोए गए और उनके पैरों में आलता लगाकर पूजन किया गया। इसके पश्चात कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया तथा उपहार भेंट किए गए।
पूरे आयोजन में भक्तिमय वातावरण बना रहा। उपस्थित लोगों ने कन्या पूजन की परंपरा के माध्यम से नारी शक्ति के सम्मान और भारतीय संस्कृति में कन्याओं के महत्व को रेखांकित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अध्यक्ष शशिधर लाल अग्रवाल, सचिव अजय प्रसाद, उपाध्यक्ष विनोद राय, महाविद्यालय के प्राचार्य संजीव कुमार झा, शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र पांडे, अभिभावकगण तथा आचार्य एवं दीदीजी उपस्थित रहे।