Orange hindi lohardaga live

नगर निकाय चुनाव की तैयारी को लेकर कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमिटी की अहम बैठक आयोजित

By Team Lohardaga live

political
बैठक संबोधित करते पदाधिकारी

लोहरदगा में संगठनात्मक मजबूती और जीत की रणनीति पर हुआ मंथन

लोहरदगा। नगर निकाय चुनाव की तैयारियों तथा पार्टी समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लोहरदगा जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में शनिवार को कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखैर भगत ने की।

बैठक में जिला कांग्रेस कमिटी के सभी अग्रणी संगठन, प्रखण्ड अध्यक्ष, मण्डल अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई (NSUI), आरजीपीआरएस, सेवा दल, अल्पसंख्यक कांग्रेस, अनुसूचित जाति (SC) प्रकोष्ठ तथा विभिन्न विभागों के जिला अध्यक्ष एवं कमिटी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

संगठन और कमिटियों की क्रमवार समीक्षा

बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष सुखैर भगत, स्क्रीनिंग कमिटी के सदस्य सह अग्रणी संगठन प्रभारी नेसार अहमद एवं श्री मोहन दुबे द्वारा जिले के सभी संगठनों एवं कमिटियों की क्रमवार समीक्षा की गई। संगठन की जमीनी स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा आगामी चुनावी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

अध्यक्ष पद के दावेदारों का साक्षात्कार

बैठक के दूसरे चरण में नगर निकाय चुनाव के अध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवारों एवं दावेदारों का बारी-बारी से साक्षात्कार लिया गया। स्क्रीनिंग कमिटी द्वारा सभी दावेदारों की संगठन के प्रति निष्ठा, जनसमर्थन, कार्यक्षमता एवं सामाजिक स्वीकार्यता का आकलन किया गया। इन नामों को आगे विचारार्थ प्रदेश कांग्रेस कमिटी को भेजा जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस द्वारा अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद जिला कांग्रेस कमिटी पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ उसके पक्ष में प्रचार-प्रसार कर जीत सुनिश्चित करेगी।

अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार

नगर निकाय चुनाव के अध्यक्ष पद हेतु जिन नामों पर चर्चा हुई, उनमें प्रमुख रूप से विशाल डूंगड़ूँग, प्रभात भगत, रवि रोशन बैक, संतोष उराँव, सतीश रंजन उराँव एवं आरती कुमारी शामिल हैं।

स्क्रीनिंग कमिटी के पदाधिकारी नेसार अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निकाय चुनाव कांग्रेस पार्टी के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी हित में एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया और कहा कि पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाएगी, उसकी जीत सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी होगी।

स्क्रीनिंग कमिटी के पदाधिकारी श्री मोहन दुबे ने कहा कि पूरी स्क्रीनिंग प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और संगठनात्मक मापदंडों के आधार पर संपन्न की गई है। सभी दावेदारों का मूल्यांकन ईमानदारीपूर्वक किया गया है। कांग्रेस पार्टी नगर निकाय चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरकर जनता का विश्वास जीतने का कार्य करेगी।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुखैर भगत, स्क्रीनिंग कमिटी के पदाधिकारी नेसार अहमद एवं मोहन दुबे के साथ जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उराँव, प्रखण्ड अध्यक्ष जुगल भगत, तनवीर गौहर, सत्यदेव भगत, नगर अध्यक्ष आरिफ हुसैन, युवा प्रदेश महासचिव विशाल डूंगड़ूँग, अल्पसंख्यक प्रदेश सचिव हाजी सिकेंदर, महिला जिला अध्यक्ष सीमा परवीन, युवा जिला अध्यक्ष दानिश अली, सेवा दल अध्यक्ष शम्भू प्रजापति, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष मोज्जमिल अंसारी, SC अध्यक्ष संजय नायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।