आंजन धाम महोत्सव आस्था, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक : सांसद सुखदेव भगत
By Team Lohardaga live

क्षेत्र एवं आंजन धाम का विकास करना मेरी जिम्मेदारी : सांसद
लोहरदगा। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर गुमला जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल आंजन धाम में आंजन धाम महोत्सव का आयोजन किया गया। आंजन धाम सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में माता अंजनी एवं बाल हनुमान की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
महोत्सव में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि आंजन धाम जैसे पावन स्थल पर आयोजित महोत्सव में शामिल होकर वह स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र एवं आंजन धाम का विकास करना उनकी जिम्मेदारी है, जिसे वे पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करेंगे।
सांसद ने कहा कि आंजन धाम महोत्सव आस्था, सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने वाला कार्यक्रम है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
इस अवसर पर सांसद ने भक्ति जागरण कार्यक्रम में भाग ले रहे बनारस से आए भजन गायक आदर्श मिश्रा, वर्षा कच्छप तथा आयोजन समिति के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने माता अंजनी एवं बाल हनुमान की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया।
मौके पर कांग्रेस नेता आलोक कुमार साहू, सत्यजीत सिंह, संतोष गुप्ता गुड्डू, पवन गौतम, कुणाल अभिषेक, मोती चौबे, अमित साहू, वीरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
