लोहरदगा नगर परिषद चुनाव 2026 की घोषणा, 23 फरवरी को मतदान, उपायुक्त ने दी जानकारी
By Team Lohardaga live

अध्यक्ष और 23 पार्षदों के लिए 23 फरवरी को होगा मतदान
लोहरदगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की घोषणा कर दी है, जिससे लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) डॉ. ताराचंद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन की औपचारिक सूचना प्रपत्र-5 के माध्यम से 28 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद नामांकन की प्रक्रिया 29 जनवरी से 4 फरवरी तक चलेगी, जिसमें अभ्यर्थी पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 5 फरवरी को होगी, जबकि नाम वापसी 6 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक की जा सकेगी। चुनाव चिह्नों का आवंटन 7 फरवरी को किया जाएगा। मतदान 23 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी 2026 को प्रातः 8 बजे से कृषि बाजार समिति परिसर में होगी। चुनाव संचालन के लिए कुल 13 कोषांगों का गठन किया गया है।
लोहरदगा नगर परिषद (वर्ग-ख) में एक नगर परिषद अध्यक्ष और 23 वार्ड पार्षद पदों के लिए चुनाव होगा। जिले में कुल 43070 मतदाता हैं, जिनमें 21027 पुरुष और 22043 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 46 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 31 संवेदनशील और 15 अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा और इस चुनाव में NOTA का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा। निर्वाचन के लिए 110 मतपेटिकाएं तैयार की गई हैं।
उपायुक्त ने बताया कि नगर परिषद वर्ग ‘ख’ में आता है और जनसंख्या एक लाख से कम होने के कारण अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अधिकतम 6 लाख रुपये तथा वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवार अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक ही चुनावी खर्च कर सकेंगे। नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा को निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं वार्ड संख्या 1 से 6 तक भूमि सुधार उपसमाहर्ता सुजाता कुजूर, वार्ड संख्या 7 से 12 तक जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार, वार्ड संख्या 13 से 18 तक कार्यपालक दंडाधिकारी अभिनीत सूरज और वार्ड संख्या 19 से 23 तक कैरो प्रखंड विकास पदाधिकारी छंदा भट्टाचार्य को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास, पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



