असामाजिक तत्वों ने किसानों के धान के गांज में लगाई आग, गरीब किसान को हुआ भारी नुकसान
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। जिले के भंडरा प्रखंड के गडरपो पंचायत अंतर्गत धनामुंजी गांव में बीती रात असामाजिक तत्वों ने तीन किसानों के खलिहान में रखे धान के गांज में आग लगा दी। आगजनी की इस घटना में पांच गांज धान पूरी तरह जलकर राख हो गए। इससे गरीब किसान को लगभग तीस हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
पीड़ित किसान लालदेव उरांव (पिता–शनि उरांव) ने बताया कि उन्होंने अपने एक एकड़ खेत में ऋण लेकर धान की खेती की थी। कटाई के बाद करीब दो ट्रैक्टर धान मिसाई के लिए खलिहान में रखा गया था। देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगा देने से पूरा अनाज जलकर नष्ट हो गया। किसान ने बताया कि अब घर में खाने को एक दाना भी नहीं बचा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत के मुखिया सुमित उरांव धनामुंजी गांव पहुंचे और पीड़ित किसान को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पीड़ित किसान ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
