Orange hindi lohardaga live

मतदाता सूची पुनरीक्षण में राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

By Team orangehindi

General
मतदाता सूची पुनरीक्षण में राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

10 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क, 12 से 16 अक्टूबर तक चलेगा विशेष आउटरीच अभियान

लोहरदगा। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को लेकर गुरुवार को उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई।

बैठक में बताया गया कि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में जिन पात्र नागरिकों का नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा जिन युवाओं की आयु एक अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे प्रपत्र-6 ऑनलाइन या ऑफलाइन जमा कर सकते हैं। राजनीतिक दलों से ऐसे नागरिकों को जागरूक करने की अपील की गई।

10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क शिविर लगाया जाएगा। इसी दिन बीएलओ-बीएलए-2 की चौथी बैठक और चुनाव पाठशाला भी आयोजित होगी। वहीं 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच अभियान के तहत पीवीटीजी, दिव्यांग, बुजुर्ग, अनाथ, किन्नर समेत कमजोर एवं वंचित वर्ग के पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने का प्रयास होगा।

बैठक में प्रपत्र-6, 7 और 8 से संबंधित प्राप्त आवेदनों की जानकारी भी साझा की गई। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने में सभी राजनीतिक दलों का सहयोग जरूरी है।

मौके पर पशुपति नाथ पारस, प्रदीप विश्वकर्मा, मो. साहिद अहमद, बालमुकुन्द लोहरा, दिलमुनि कुजूर समेत निर्वाचन कार्य से जुड़े कर्मी उपस्थित थे।

और पढ़ें