गुमला के चार प्रखंडों में सांसद प्रतिनिधियों की नियुक्ति, सुखदेव भगत ने सौंपे मनोनयन पत्र
By Team Lohardaga live

विकास योजनाओं की निगरानी और जनसमस्याओं के समाधान में निभाएंगे अहम भूमिका
लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने गुमला जिले के चार प्रखंडों में सांसद प्रतिनिधियों का मनोनयन किया है। इसके तहत बसिया, चैनपुर, बिशुनपुर और जारी प्रखंडों के लिए अलग-अलग प्रतिनिधियों की नियुक्ति की गई है। सांसद आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद ने सभी मनोनीत प्रतिनिधियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार बसिया प्रखंड के लिए सुशील कुमार होता, चैनपुर प्रखंड के लिए अल्बर्ट तिग्गा, बिशुनपुर प्रखंड के लिए महात्मा उरांव तथा जारी प्रखंड के लिए जाकिर अंसारी को सांसद प्रतिनिधि बनाया गया है।
इस अवसर पर सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि लोहरदगा संसदीय क्षेत्र का दायरा काफी बड़ा है और प्रत्येक गांव तक प्रतिदिन व्यक्तिगत रूप से पहुंच पाना संभव नहीं है। ऐसे में सांसद प्रतिनिधि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सेतु की भूमिका निभाएंगे तथा क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराएंगे।
उन्होंने कहा कि सांसद प्रतिनिधि प्रखंड स्तरीय एवं सरकारी बैठकों, सम्मेलनों तथा विभिन्न कार्यक्रमों में सांसद का प्रतिनिधित्व करेंगे। साथ ही विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, मूल्यांकन और निगरानी में प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे। सांसद निधि से संचालित योजनाओं सहित अन्य सरकारी योजनाओं की प्रगति पर भी उनकी नजर रहेगी।
सांसद ने सभी नवमनोनीत प्रतिनिधियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे सरकारी कार्यालयों में आम लोगों की समस्याओं के समाधान में सहयोग करें तथा जरूरतमंदों को उचित मार्गदर्शन प्रदान करें। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा, दुर्घटना या आपात स्थिति में प्रभावित लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहना प्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
सुखदेव भगत ने विश्वास जताया कि सांसद प्रतिनिधियों की नियुक्ति से विकास योजनाओं की निगरानी और जनसंपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही संगठन को भी जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और पूरी निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
