लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र की 3 प्रमुख सड़कों के लिए 242 करोड़ रुपये की स्वीकृति
By Team Lohardaga live

सांसद सुखदेव भगत बोले- ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क से विकास को मिलेगी गति
लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए राज्य सरकार ने कुल 242 करोड़ 30 लाख 70 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
सांसद सुखदेव भगत ने इस स्वीकृति का स्वागत करते हुए कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से किसानों, छात्रों, व्यवसायियों और आम लोगों की आवाजाही आसान होगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
स्वीकृत परियोजनाओं में गुमला जिले के घाघरा से जोकारी होते हुए रनहे, कुण्डो और रूकीघाटी (बिशुनपुर) तक 19.10 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 101.77 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना में पुल निर्माण, भू-अर्जन, पुनर्वास एवं उपयोगिताओं के स्थानांतरण का कार्य भी शामिल है।
दूसरी परियोजना मांडर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत टांगरबसली मोड़ से बोबरो मोड़ होते हुए माया परयागो, बिसहाखटंगा और डुमरी पथ तक 11.576 किलोमीटर सड़क के लिए है। इस कार्य पर 63.77 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें चौड़ीकरण, पुनर्निर्माण, भू-अर्जन, उपयोगिता स्थानांतरण, पुनर्वास तथा वृक्षारोपण शामिल है।
तीसरी परियोजना गुमला जिले में परवल आरसीडी पथ से करंज पथ होते हुए पहाड़बंगरू, चीतागुटू, कानारोआ, बैरीटोली और नया करंज थाना तक 14.251 किलोमीटर सड़क के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित है। इस योजना के लिए 76.75 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के हजारों किसानों, छात्रों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने कहा कि इससे पहले भी गुमला और लोहरदगा जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में पीएम जनमन योजना के तहत कई सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति दिलाई जा चुकी है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
