लोहरदगा में मौसम बदलते ही बढ़ी बीमारियों की दस्तक, सदर अस्पताल में बढ़ने लगी मरीजों की संख्या
By Teem Lohardaga live

सर्दी, खांसी और टाइफाइड के मरीजों में इजाफा, अस्पताल प्रबंधन ने लोगों से ठंड से बचने की अपील की
लोहरदगा। जिले में ठंड के बढ़ते प्रकोप के साथ ही मौसमी बीमारियों ने दस्तक दे दी है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसका असर अब लोगों की सेहत पर साफ देखने को मिल रहा है। बदलते मौसम के बीच सर्दी, खांसी और टाइफाइड के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसके चलते सदर अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ने लगी है, जहां लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. शंकर प्रसाद ने बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए लोगों से ठंड से बचाव करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण कई तरह की बीमारियों के मामले सामने आ रहे हैं और अस्पताल में लगातार ऐसे मरीज पहुंच रहे हैं।
डॉ. प्रसाद ने विशेष रूप से बुजुर्गों को अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि उम्रदराज लोगों को ठंड के कारण सांस लेने में दिक्कत हो सकती है, इसलिए उनका खास ख्याल रखें। साथ ही उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे ठंड से बचने के सभी उपाय अपनाएं, गर्म पानी पिएं और गर्म भोजन लें, जिससे शरीर गर्म बना रहे और बीमारी से बचाव हो सके।
