Orange hindi lohardaga live

विधानसभा सदाचार समिति की बैठक आयोजित

By Team Lohardaga live

Administrative

आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का दिया निर्देश

लोहरदगा। झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति के सभापति एवं मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह की अध्यक्षता में परिसदन लोहरदगा में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कार्यों एवं योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान जिला अंतर्गत सामान्य अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति, उग्रवादी हिंसा में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को अनुकंपा पर नौकरी एवं अनुग्रह अनुदान के भुगतान की स्थिति सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

पदाधिकारियों ने सभापति के समक्ष अपने-अपने विभागों से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समीक्षा के क्रम में सभापति ने कहा कि जिन विभागों में मामलों की संख्या अधिक लंबित है, वे विशेष ध्यान देते हुए कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध रूप से पहुंचे।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा किसी भी स्तर पर कोताही न होने को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मियों से अपने कर्तव्यों के निर्वहन में उच्च नैतिक मूल्यों और उत्तरदायित्व का पालन करने पर विशेष बल दिया।

बैठक में समिति सदस्य के रूप में सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रदेव महतो, लोहरदगा जिला के अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, एसडीओ अमित कुमार सहित संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।