Orange hindi lohardaga live

दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान में लूट की कोशिश नाकाम, दुकानदार की बहादुरी से भागे बदमाश

By Team Lohardaga live

Crime
दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान में लूट की कोशिश नाकाम, दुकानदार की बहादुरी से भागे बदमाश

ग्राहक बनकर पहुंचे थे दो अपराधी, हथियार के बल पर लूट का प्रयास; हाथापाई में दुकानदार ने छीन ली रिवॉल्वर

लोहरदगा। शहर के व्यस्त अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात उस समय टल गई, जब दुकान संचालक ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए हथियारबंद अपराधियों का डटकर मुकाबला किया। हाथापाई के दौरान दुकानदार ने एक बदमाश के हाथ से रिवॉल्वर छीन ली, जिसके बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम दो युवक ग्राहक बनकर खत्री ज्वेलर्स पहुंचे। पहले उन्होंने सामान्य ग्राहक की तरह व्यवहार किया, लेकिन कुछ ही देर बाद एक युवक ने अचानक रिवॉल्वर निकालकर दुकान संचालक संजय खत्री को धमकाते हुए लूटपाट का प्रयास किया।

अचानक हुई इस घटना के बावजूद संजय खत्री ने हिम्मत नहीं हारी और अपराधी का विरोध किया। देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान संजय खत्री ने अपराधी के हाथ से रिवॉल्वर छीन ली। अप्रत्याशित प्रतिरोध से घबराए दोनों बदमाश दुकान के बगल की गली से भाग निकले।

घटना के बाद अपर बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फरार अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

शहर के सबसे व्यस्त बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि दुकान संचालक की सूझबूझ और बहादुरी के कारण बड़ी लूट की वारदात टल गई। घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

और पढ़ें