Orange hindi lohardaga live

वार्ड संख्या 8 से अविनाश कौर ने किया नामांकन, विकास और भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यकाल का किया दावा

By Team Lohardaga live

General
नामांकन दाखिल करने के दौरान अपने समर्थकों के साथ अविनाश कौर

लोहरदगा। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 से प्रत्याशी अविनाश कौर ने बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद उन्होंने प्रेस से बातचीत में अपने पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि वह पिछले दस वर्षों से वार्ड पार्षद के रूप में कार्यरत हैं। इस दौरान वर्ष 2019 में कोरोना काल और उसके बाद लगभग दो वर्षों तक चुनाव स्थगित रहने के बावजूद वार्ड में विकास कार्य लगातार जारी रहे। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाया गया और किसी भी लाभार्थी से किसी प्रकार की अवैध वसूली नहीं की गई।

अविनाश कौर ने कहा कि उन्होंने जाति-पात से ऊपर उठकर “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ कार्य किया। उनके अनुसार आवास योजना, सड़क और नाली निर्माण, स्लैब निर्माण, स्ट्रीट लाइट, जल मीनार, चापाकल, नए राशन कार्ड, वृद्धा एवं दिव्यांग पेंशन, मंईया सम्मान योजना तथा महिला मंडलों को रोजगार से जोड़ने वाली योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया गया।

उन्होंने बताया कि नगर परिषद में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ पिछले दस वर्षों से लगातार आवाज उठाई गई और इसके विरोध में आंदोलन भी किए गए। वार्ड में जिन क्षेत्रों में वर्षों से बिजली के खंभे, कवर तार और स्ट्रीट लाइट नहीं थे, वहां सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा तीन नए ट्रांसफार्मर भी स्थापित कराए गए।

भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि वार्ड के जिन इलाकों में पेयजल पाइपलाइन नहीं बिछी है, वहां पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्राथमिकता पर किया जाएगा। इस संबंध में डीपीआर राज्य सरकार को भेजी जा चुकी है। साथ ही वार्ड की दो सड़कों को पूर्व में स्वीकृति मिल चुकी है, जिन पर चुनाव के बाद शीघ्र कार्य प्रारंभ होने की संभावना है। नालियों में जहां स्लैब नहीं है, वहां स्लैब निर्माण भी प्राथमिकता में शामिल है।

अविनाश कौर ने विश्वास जताया कि वार्ड संख्या 8 की जनता उनके कार्यों पर भरोसा जताते हुए उन्हें पुनः विजयी बनाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी कार्यकाल में वार्ड को आदर्श वार्ड के रूप में विकसित करना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा।

नामांकन के दौरान प्रस्तावक अरुण कुमार, समर्थक रेणू सिंह सहित कवलजीत सिंह, कुणाल वर्मा, राजू यादव, सत्येंद्र शर्मा, राहुल कुमार, राजेश शर्मा, संजीव शर्मा, सोहन साहू, करमन सिंह, जितेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।