हिंडाल्को सीएसआर व पीसीआई इंडिया की पहल पर विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत जागरूकता अभियान चलाया
By Team orange hindi

रैली, सामुदायिक संवाद और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर दिया गया जोर


लोहरदगा। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर हिंडाल्को सीएसआर एवं पीसीआई इंडिया के सहयोग से संचालित बिटिया प्रोजेक्ट के तहत लोहरदगा सदर एवं किस्को प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में जागरूकता रैली एवं सामुदायिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के बीच स्तनपान के महत्व तथा नवजात शिशुओं के बेहतर पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
हिंडाल्को सीएसआर प्रमुख नीरज कुमार ने बताया कि विश्व स्तनपान सप्ताह 2026 के दौरान निर्धारित कार्यक्रमों के तहत विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन्म के तुरंत बाद शिशु को स्तनपान कराना तथा पहले छह माह तक केवल मां का दूध देना शिशु के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
हरमू एवं जोरी आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को स्तनपान के लाभ, सही तरीके तथा नवजात शिशु के पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। वहीं किस्को प्रखंड के बेट हटहट, सेमरडीह, कोचा ऊपर टोली, परहेपाठ, नवाडीह, देवदरिया, मेरले, बगड़ू जामुन टोली तथा पाखर पंचायत में भी जागरूकता रैली एवं सामुदायिक बैठकें आयोजित की गईं।
रैलियों में प्रतिभागियों ने स्तनपान संबंधी संदेशों और नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रमों में आंगनवाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, शिक्षकों, स्कूली बच्चों तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी रही।
आयोजकों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य स्तनपान के प्रति सकारात्मक व्यवहार को बढ़ावा देना, कुपोषण की रोकथाम करना तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए समुदाय को जागरूक करना है। विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इसी प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।